Lucknow Holika Land Dispute को लेकर शनिवार को लखनऊ नगर निगम में जोरदार प्रदर्शन हुआ। Bharatiya Kisan Union (राकेश टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने सरोजनी नगर के अटल बिहारी वॉर्ड में होलिका दहन की जमीन पर निजी बिल्डर द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाया। मेयर और नगर आयुक्त के चैम्बर के बाहर किसानों ने जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
3 महीने से कार्रवाई नहीं, धरने पर बैठे किसान
जिला अध्यक्ष के मुताबिक, नवंबर में ही नगर निगम को लिखित शिकायत दी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया था और कार्रवाई का आश्वासन मिला था।लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
किसानों का कहना है कि “जब कोई किसान नगर निगम की जमीन पर छोटी-सी नांद रख देता है तो तुरंत चालान हो जाता है, लेकिन बड़े बिल्डरों पर कार्रवाई टाल दी जाती है।”
होलिका दहन के लिए नहीं बची जमीन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिल्डर के कब्जे के कारण अब क्षेत्र में होलिका दहन के लिए कोई सार्वजनिक स्थल नहीं बचा है।स्थानीय लोगों में इसे लेकर भारी आक्रोश है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।








