Lucknow News के तहत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रिंग रोड स्थित जगरानी हॉस्पिटल के पास शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे फॉल्ट ठीक करने के दौरान संविदा लाइनमैन परशुराम रावत (45) की करंट लगने से मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, सैरपुर निवासी परशुराम रावत बिजली लाइन पर जम्पर जोड़ने के लिए पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान उन्हें जोरदार करंट का झटका लगा और वे सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। आरोप है कि लाइन चालू होने के बावजूद कर्मी को पोल पर चढ़ाया गया।गुडंबा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
एई का बयान: हवाई करंट की आशंका
एई अमितेश कुमार के अनुसार, इंदिरानगर सेक्टर-25 से कल्याणपुर जाने वाली लाइन में कंचनाबिहारी मार्ग पर दो दिन पहले फॉल्ट आया था।जेई धर्मेंद्र और टीजी-2 धीरज अन्य कर्मचारियों के साथ आइसोलेटर खोलकर मरम्मत कार्य करा रहे थे। इसी दौरान परशुराम रावत करंट की चपेट में आ गए।एई ने इसे “हवाई करंट” लगने की घटना बताया है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद सहकर्मी उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
7.5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
बिजली विभाग की ओर से मृतक परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में 7.5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है।बताया गया है कि 1.5 लाख रुपये परिजनों को दे दिए गए हैं और शेष राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।








