Lucknow News: चारबाग की राजा खोया मंडी में 6 कुंतल संदिग्ध खोया जब्त, FSDA ने भरे 4 सैंपल
Lucknow News के तहत होली से पहले मिलावटी खोया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चारबाग स्थित राजा खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की विशेष टीम ने औचक निरीक्षण कर करीब 6 कुंतल संदिग्ध खोया पकड़ा। टीम ने मौके से चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं।
दो गाड़ियों से बरामद हुआ खोया
FSDA टीम ने राजा खोया मंडी, चारबाग में खड़ी दो गाड़ियों की जांच की:
गाड़ी संख्या UP30AT5446 से लगभग 2 कुंतल खोया
गाड़ी संख्या UP32ZN9858 से लगभग 4 कुंतल खोया
औचक जांच के दौरान अधिकारियों ने खोये का भौतिक परीक्षण किया। प्रथम दृष्टया यह सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई और संदिग्ध प्रतीत हुई। संदेह के आधार पर कुल चार नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
मौके पर मौजूद व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे केवल मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण खोया ही मंडी में लाएं और बिक्री करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में मिलावटी या घटिया गुणवत्ता का उत्पाद पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








