Lucknow News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 409 जोड़ों की एकसाथ शादी, 10 हजार मेहमान
लखनऊ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आज एक भव्य आयोजन किया गया, जहां एकसाथ 409 जोड़ों का विवाह संपन्न हो रहा है। यह समारोह मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया है।कार्यक्रम में शामिल करीब 10 हजार बारातियों और घरातियों के लिए प्रशासन द्वारा भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।
भोजन से लेकर पंडितों तक पूरी तैयारी
सामूहिक विवाह में मेहमानों के लिए पूड़ी, सब्जी और चावल का भोजन रखा गया है। शादी की रस्में संपन्न कराने के लिए 100 पंडित बुलाए गए हैं। प्रत्येक पंडित को सरकार की ओर से ₹1100 दक्षिणा दी जा रही है।
ब्लॉक स्तर पर हुआ था रजिस्ट्रेशन
विवाह में शामिल जोड़ों ने बताया कि उन्होंने अपने-अपने ब्लॉक कार्यालयों में शादी का रजिस्ट्रेशन कराया था। कुछ दिन बाद उन्हें 15 दिसंबर की तारीख विवाह के लिए आवंटित की गई।जोड़े और उनके परिजन आयोजन से संतुष्ट नजर आए। लोगों का कहना है कि खाने से लेकर बैठने और आयोजन तक की व्यवस्था बेहतर है और वे इस समारोह का आनंद ले रहे हैं।
गुब्बारों से सजा आयोजन स्थल
समारोह स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है।हर जोड़े के साथ उनके घर से 20 से 25 लोग बारात और घराती के रूप में पहुंचे हैं।सभी जोड़ों को मंडप में सामूहिक रूप से बैठाया गया और विवाह की सभी रस्में एक साथ कराई जा रही हैं।
शादी के लिए तैयार होकर पहुंचे जोड़े
सभी दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने घरों से पूरी तैयारी के साथ पहुंचे हैं। सरकार की योजना के तहत उन्हें शादी में मिलने वाला सारा उपहार भी दिया जाएगा।
दुल्हन को क्या-क्या मिलेगा?
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दुल्हन को सरकार की ओर से
शादी से जुड़ा गृहस्थी का सामान
वस्त्र और उपहार
आर्थिक सहायता
प्रदान की जाती है, जिससे नवविवाहित जोड़ों को नई जिंदगी की शुरुआत में सहारा मिल सके।






