लखनऊ में रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं। इसके चलते गलन बढ़ गई और लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
बारिश के कारण शहर की सड़कों पर नमी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 88 फीसदी और न्यूनतम 38 फीसदी रिकॉर्ड की गई।
तापमान में होगी गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इसके असर से पूर्वी और मध्य यूपी में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम साफ होने के बाद अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी संभव है।
27 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 28 जनवरी तक बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में दोबारा 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इसके बाद ठंड और गलन बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है।








