Lucknow News: KGMU में धर्मांतरण आरोपों को लेकर VHP-बजरंग दल का प्रदर्शन, जांच शुरू
लखनऊ स्थित KGMU में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी KGMU के गेट पर बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे और नारेबाजी की, जिससे कुछ देर के लिए गेट पर भीड़ जमा हो गई।
धर्मांतरण के आरोपों से जुड़ा मामला
यह मामला KGMU की एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि एक पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर ने शादी से पहले धर्म बदलने का दबाव बनाया। आरोपों के अनुसार, मना करने पर कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया।पीड़िता के परिजनों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य महिला आयोग को शिकायत भेजी है।
लिखित शिकायत नहीं, फिर भी जांच शुरू
KGMU प्रशासन का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत विश्वविद्यालय को प्राप्त नहीं हुई है, इसके बावजूद प्रशासन ने अपने स्तर पर प्रारंभिक छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि औपचारिक शिकायत मिलने पर जांच समिति गठित कर विस्तृत जांच की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों की कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे संगठनों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को स्वतः संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उनका आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे मामलों को बढ़ावा मिल सकता है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि ठोस कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।
कैंपस में सुरक्षा बढ़ी
प्रदर्शन के दौरान KGMU प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। स्थिति को देखते हुए कैंपस और गेट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रदर्शनकारी कुछ देर के लिए गेट नंबर दो से अंदर पहुंचे और बैठकर विरोध जताया।








