घर के अंदर लगी आग में 4 साल की बच्ची की मौत, बहन बचकर निकली
Lucknow में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में घर के अंदर आग लगने से 4 साल की बच्ची की जलकर मौत हो गई। बच्ची अपनी 6 साल की बहन के साथ कमरे में सो रही थी, तभी आग फैल गई।
दीपक से पर्दे में लगी आग, पूरे कमरे में फैली लपटें
घटना इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ हनुमंतपुरम स्थित डूडा कॉलोनी की है।घर के कमरे में एक छोटा मंदिर बना हुआ था, जहां रखे दीपक से पर्दे में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
बड़ी बहन भागकर बची, छोटी बच्ची फंसी
आग की लपटें देखकर बड़ी बहन किसी तरह कमरे से बाहर निकल गई, लेकिन 4 साल की बच्ची आग की चपेट में आ गई।बड़ी बहन के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।धुएं के कारण बच्ची दिखाई नहीं दी। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।
अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित
गंभीर हालत में बच्ची को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।लोहिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सब्जी लेने गए थे माता-पिता
बताया गया कि हादसे के समय माता-पिता घर से कुछ दूरी पर सब्जी लेने गए थे।वापस लौटने पर उन्हें घर में आग लगने और बच्ची के झुलसने की जानकारी मिली।








