Lucknow Hostel Mess: 4 हजार रुपए में कीड़े वाली दाल, घटिया खाना मिलने से छात्रों का हंगामा
राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित ITOT में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने आरोप लगाया कि 4 हजार रुपए प्रतिमाह देने के बावजूद उन्हें कीड़े वाली दाल, बदबूदार रोटी और मिलावटी राजमा परोसा जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।छात्रों का कहना है कि दिवाली के बाद से खाने की क्वालिटी और बिगड़ गई है। रोजाना लंच और डिनर में खराब खाना मिलने लगा, जिससे कई छात्र बीमार भी हो गए। स्थिति बिगड़ने पर छात्रों ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
Mess Food में कीड़े मिलने से बवाल
ITOT कैंपस के गर्ल्स हॉस्टल में डिनर के दौरान खाने में कीड़े मिलने पर छात्रों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने मेस प्रशासन पर घटिया क्वालिटी का खाना परोसने का आरोप लगाया। छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन ने मेस संचालक को नोटिस जारी किया और सुधार के आदेश दिए।
3900 रुपए फीस में घटिया खाना
छात्रों के मुताबिक, हॉस्टल में मेस का चार्ज ₹3900 प्रति माह है, जिसमें रोज दाल, चावल, रोटी, सब्जी और सलाद शामिल हैं। इसके अलावा सप्ताह में दो दिन स्पेशल डिनर का वादा किया गया था। शुरू में खाने की क्वालिटी ठीक थी, लेकिन बाद में स्थिति लगातार खराब होती गई।
लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं
छात्रों ने बताया कि पहले भी कई बार खाने में कीड़े और मिलावट की शिकायत की गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दिवाली की छुट्टियों के बाद लौटे छात्रों को रोजाना खराब खाना मिलने लगा, जिससे असंतोष बढ़ता गया।
प्रशासन ने मेस संचालक को जारी किया नोटिस
ITOT प्रशासन ने छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मेस संचालक को नोटिस जारी किया है। निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिनों में खाने की क्वालिटी में सुधार लाया जाए, अन्यथा मेस का कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया जाएगा।








