UP News: लखनऊ में महिला हेड कॉन्स्टेबल के घर 3 लाख की चोरी, CCTV DVR भी ले गए चोर
राजधानी लखनऊ में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बिजनौर थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला हेड कॉन्स्टेबल के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 3 से 3.5 लाख रुपये के गहने और सीसीटीवी का DVR लेकर फरार हो गए। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शादी की तैयारी के लिए गई थीं बाहर
पुलिस मुख्यालय की अपराध शाखा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल 12 फरवरी को अपने बेटे की 19 फरवरी को होने वाली शादी की तैयारियों के लिए रायबरेली स्थित पैतृक गांव गई थीं। घर कई दिनों से बंद था।15 फरवरी को परिजनों ने फोन कर जानकारी दी कि मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह लखनऊ पहुंचीं।
अलमारी से लाखों के गहने गायब
घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी में रखे चांदी के कीमती जेवरात गायब थे। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। ये जेवर शादी के लिए सुरक्षित रखे गए थे।
CCTV DVR भी साथ ले गए आरोपी
चोर घर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी निकालकर ले गए, जिससे साफ है कि वारदात सुनियोजित थी। आशंका है कि आरोपियों ने पहले रेकी की और यह सुनिश्चित किया कि घर कई दिनों तक खाली रहेगा, इसके बाद ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया।







