लखनऊ गैस ब्लास्ट: बीबीडी थाना क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर फटा, दुकानदार झुलसा
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित जुग्गौर इलाके में गुरुवार सुबह अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर फट गया। इस भीषण हादसे में रिफिलिंग कर रहा दुकानदार करन गंभीर रूप से झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब 1 किलोमीटर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इलाके में लंबे समय से चल रही थी अवैध गैस रिफिलिंग
स्थानीय लोगों के मुताबिक जुग्गौर इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। विस्फोट के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, उपकरण बरामद
बीबीडी थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के समय दुकान में केवल करन मौजूद था। मौके से गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।








