Lucknow: नगर निगम में 10 पार्षदों ने ली शपथ, शहर विकास को लेकर तय की प्राथमिकताएं
लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में शासन द्वारा नामित 10 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जहां मेयर सुषमा खर्कवाल ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। शपथ के बाद मेयर और नगर आयुक्त ने पार्षदों को माला पहनाकर और लड्डू खिलाकर बधाई दी, जबकि समारोह के दौरान “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारे भी लगे। शपथ लेने के बाद पार्षदों ने City Development Lucknow को प्राथमिकता बताते हुए शहर को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। पार्षद पंकज बोस ने सीमित संसाधनों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही, वहीं संतोष सिंह बलखंडी ने पिछड़े क्षेत्रों और गांवों के विकास पर जोर दिया। रूप चंद अग्रवाल ने सफाई व्यवस्था सुधारने और लखनऊ को नंबर-1 शहर बनाने का लक्ष्य रखा, जबकि किशन पाल ने बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही।
नेहा सिंह ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता बताया, वहीं अन्य पार्षदों ने भी जनता के हित में काम करने और शहर के समग्र विकास का भरोसा दिया। शपथ के बाद सभी पार्षदों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और शहर के विकास की नई शुरुआत माना जा रहा है।







