लखनऊ में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे और उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे कुछ देर के लिए गुनगुनी धूप जरूर निकली, लेकिन ठंड का असर पूरे दिन बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई।
भीषण ठंड का असर: स्कूल बंद
कड़ाके की ठंड को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जा रही हैं।
कोहरा और बादल: दिन में भी जलानी पड़ी हेडलाइट
लखनऊ में बादल और घने कोहरे के कारण दिन में भी कई इलाकों में वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। ठंडी हवाओं के चलते लोग ठिठुरते नजर आए, जबकि पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा।
11 जनवरी से ठंड और कोहरे से राहत के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में जारी ठंड और घने कोहरे में 11 जनवरी के बाद धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
यूपी के कई जिलों में Cold Day और Severe Cold Day
गुरुवार को हरदोई, कानपुर, बलिया, बांदा, अमेठी, फर्रुखाबाद, हमीरपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आगरा में Cold Day, जबकि बरेली, प्रयागराज, झांसी, वाराणसी और शाहजहांपुर में Severe Cold Day की स्थिति दर्ज की गई।








