लखनऊ क्लर्क आत्महत्या: पत्नी के तीन माह से मायके में रहने से परेशान शिक्षा विभाग के बाबू ने लगाई फांसी
लखनऊ क्लर्क आत्महत्या केस में इंदिरानगर इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। पत्नी के तीन महीने से घर न लौटने और पारिवारिक विवाद से परेशान शिक्षा विभाग के एक बाबू ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंदिरानगर में हुई घटना
मानस ग्रीन सिटी निवासी सुमित कुमार (45) शिक्षा विभाग में क्लर्क थे और वर्तमान में औरैया में तैनात थे। परिवार में पत्नी आरती और एक बेटी है। पत्नी बाराबंकी में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है।परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब तीन महीने पहले पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी और तब से वहीं रह रही थी।
फोन न उठाने से बढ़ा तनाव
बताया गया कि सुमित कुमार लगातार पत्नी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन न उठाए जाने से वे मानसिक तनाव में थे। बीते रविवार को वह पत्नी को मनाने ससुराल भी पहुंचे, लेकिन आरती ने साथ आने से इनकार कर दिया।इसके बाद वह वापस इंदिरानगर स्थित घर लौट आए। रविवार देर रात अपने कमरे में चले गए। जब परिजन खाना लेकर पहुंचे तो देखा कि वह पंखे से कपड़े के सहारे लटके हुए थे।उन्हें तुरंत फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।








