राजधानी लखनऊ में आज नई लखनऊ-चित्रकूट बस सेवा की शुरुआत होनी है। माल एवेन्यू वन से बस को हरी झंडी दिखाने के लिए परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह और प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल को कार्यक्रम में शामिल होना था।हालांकि कार्यक्रम स्थल पर दया शंकर सिंह के देर से पहुंचने के कारण मंत्री आशीष पटेल को करीब 20 मिनट तक खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। बाद में उन्होंने कुर्सी मंगवाकर बैठकर इंतजार किया।
माल एवेन्यू वन से होगी बस सेवा की शुरुआत
नई बस सेवा को लखनऊ से चित्रकूट के लिए रवाना किया जाएगा। दोनों मंत्री संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह रूट यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है।
इन प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी बस
लखनऊ-चित्रकूट बस सेवा ऊंचाहार, लाहधारी गंगा पुल, शिराथू, राजापुर और हनुमानगंज जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों से होकर संचालित होगी।इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी से सीधा संपर्क मिलेगा और यात्रा का समय भी कम होगा।
धार्मिक और ग्रामीण यात्रियों को बड़ा लाभ
चित्रकूट एक प्रमुख धार्मिक स्थल है। नई बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







