लखनऊ में चेन स्नैचर का हाफ एनकाउंटर: एक बदमाश घायल, साथी फरार
लखनऊ: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में शुक्रवार देर रात पुलिस और चेन स्नैचर्स के बीच हाफ एनकाउंटर हुआ। पुलिस गोमतीनगर में चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।पुलिस ने जब पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो दिन में दो चेन स्नेचिंग की वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी हाल ही में 31 अक्टूबर और 2 नवंबर की रात को शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं की चेन लूटकर फरार हुए थे। दोनों वारदातों का समय और तरीका एक जैसा था, जिसके बाद क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
लगातार CCTV फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि वही आरोपी फिर से वारदात की फिराक में गोमतीनगर इलाके में घूम रहे हैं।इस पर पुलिस ने अंबेडकर उद्यान चौकी के पास घेराबंदी की। जब बाइक सवार युवकों को रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से लूटी गई चेन, मोबाइल, नकद, तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए।








