लखनऊ छावनी स्थित एएमसी सेंटर एंड कॉलेज के एएमसी स्टेडियम में आयोजित महिला अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान दौड़ में तीन अभ्यर्थी गिरकर बेहोश हो गईं। वहीं लॉन्ग जंप के दौरान एक अन्य अभ्यर्थी के पैर में मोच आ गई। सभी घायल अभ्यर्थियों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
8 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ अनिवार्य
भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को 8 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी थी।
8 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने पर ग्रेड-वन
ठीक 8 मिनट में पूरी करने पर ग्रेड-टू दिया जा रहा है।
दौड़ में सफल उम्मीदवार 3 फीट हाई जंप और 10 फीट लॉन्ग जंप के लिए क्वालिफाई कर रही हैं। हाई जंप और लॉन्ग जंप में प्रत्येक अभ्यर्थी को 3-3 मौके दिए जा रहे हैं।
यूपी-उत्तराखंड से 1000 अभ्यर्थियों की भागीदारी
इस महिला अग्निवीर भर्ती रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की करीब 1000 अभ्यर्थी हिस्सा ले रही हैं। वही उम्मीदवार शामिल हो रही हैं जिन्होंने जुलाई 2025 में आयोजित ऑनलाइन सीईई परीक्षा पास की थी। एडमिट कार्ड पहले ही ईमेल के माध्यम से भेजे जा चुके थे।
सेना अधिकारियों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और मेरिट के आधार पर ही चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में क्या है खास?
पहले स्टॉपवॉच से टाइमिंग नोट की जाती थी, अब डिजिटल क्लॉक सिस्टम लागू है।
अभ्यर्थियों को आईडी कार्ड की जगह यूनिक नंबर वाला रिस्ट बैंड दिया जा रहा है।
आर्मी की ओर से यूनिक नंबर प्रिंटेड शर्ट उपलब्ध कराई गई है।
पूरे कैंपस में 50-60 इंटीग्रेटेड कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।








