Lucknow University Protest एक बार फिर सुर्खियों में है। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर स्थित लाल बारादरी प्रकरण लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। लाल बारादरी को बंद किए जाने के विरोध में आज दोपहर 12 बजे छात्रों के एक गुट ने परिवर्तन चौक से जिलाधिकारी (DM) कार्यालय तक पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया है।
स्थिति को देखते हुए परिवर्तन चौक पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं, विश्वविद्यालय परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
लाल बारादरी विवाद क्या है?
छात्र नेता तौकील गाजी के नेतृत्व में चल रहे इस प्रदर्शन में आरोप लगाया गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने लाल बारादरी पर ताला लगा दिया है। इसके विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में लगातार दो दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया।छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रॉक्टर ने बातचीत के दौरान दो दिनों का समय मांगा था, लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
धरना-प्रदर्शन पर रोक से बढ़ा विवाद
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 25 फरवरी को एक नोटिस जारी कर परिसर में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन और अन्य गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
छात्रों का आरोप है कि:
लाल बारादरी का ताला खोलने को लेकर कोई नया नोटिस जारी नहीं हुआ।
प्रशासन की ओर से दोबारा संवाद की पहल नहीं की गई।
इसी के विरोध में अब छात्रों ने कैंपस के बाहर उतरकर DM ऑफिस मार्च करने का फैसला लिया है।
DM को सौंपेंगे ज्ञापन
मार्च के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा। छात्रों की मुख्य मांग लाल बारादरी को तत्काल खोले जाने और परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति देने की है।








