यूपी के सोनभद्र से समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सांसद छोटेलाल लोकसभा में अपने क्षेत्र की समस्याओं को अनोखे अंदाज में लोकगीत गाकर उठाते नजर आए, जिसे देखकर पूरे सदन का माहौल हल्का हो गया।
मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 की रेल अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान छोटेलाल ने अपने संसदीय क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) की समस्याओं को पारंपरिक लोकगीत के जरिए पेश किया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के सामने क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी की कमी का मुद्दा उठाया।
सांसद ने गाते हुए कहा— “सोनभद्र के भईल आज जर्जर हलतिया… कहिया ले ट्रेन चली सब ओरिया, मंत्री जी सुनी ले पुकरिया”। इस गीत के जरिए उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में रेल सेवाएं पर्याप्त नहीं हैं और कई मांगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
छोटेलाल का यह देसी और अनोखा अंदाज देखकर सदन में मौजूद सांसद अपनी हंसी नहीं रोक पाए। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य नेता भी मुस्कुराते नजर आए। वहीं, उनके पीछे बैठीं मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज भी लगातार हंसती दिखाई दीं, जिससे यह पल और ज्यादा वायरल हो गया।
सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने मुस्कुराते हुए सांसद से अपनी बात स्पष्ट रखने को कहा। इस पर छोटेलाल ने जोर देकर कहा कि उनके क्षेत्र में रेल सेवाओं में सुधार और बंद पड़ी ट्रेनों को फिर से शुरू किया जाए।
अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग सांसद के इस अनोखे अंदाज की सराहना कर रहे हैं। लोकगीत के जरिए मुद्दा उठाने का यह तरीका न सिर्फ दिलचस्प रहा, बल्कि गंभीर समस्या को भी अलग अंदाज में सामने लाने का उदाहरण बन गया।








