Gorakhpur Murder Case: BJP नेता राजकुमार चौहान हत्याकांड का खुलासा, भतीजे ने दोस्त संग की हत्या
गोरखपुर में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में बड़ा खुलासा कर दिया है। पूर्व पार्षद और भाजपा नेता राजकुमार चौहान हत्याकांड में मुख्य आरोपी उनके ही भतीजे को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह हत्या पारिवारिक विवाद का नतीजा थी। भतीजे के साथ हुई लड़ाई का बदला लेने के लिए 18 वर्षीय राज चौहान ने अपने दोस्त विपिन यादव के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले राजकुमार चौहान पर आरोपियों ने पहले गोली चलाई और फिर चाकुओं से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 11 गंभीर घाव पाए गए हैं, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शुरुआत में परिवार ने 8 लोगों को नामजद किया था, लेकिन जांच में फिलहाल दो आरोपियों की ही संलिप्तता सामने आई है।
इस मामले में पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।इधर, भाजपा नेता की हत्या के बाद गोरखपुर जिला प्रशासन ने परिवार की मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि परिवार को सुरक्षा मुहैया करा दी गई है और आर्थिक सहायता के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि मृतक की दो बेटियों और एक बेटे की पढ़ाई की पूरी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही परिवार के किसी योग्य सदस्य को नौकरी देने पर भी विचार किया जा रहा है। यह मामला अब सुलझ चुका है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।








