Codeine Syrup Case: फरार सरगना शुभम जायसवाल पर शिकंजा, वाराणसी में ₹28.5 करोड़ की संपत्तियां जब्त
कोडिन कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई तेज़ हो गई है। अवैध धंधे से अर्जित संपत्तियों पर अब जप्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सोनभद्र पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 28.5 करोड़ रुपये की तीन संपत्तियों को जब्त किया।
यह सभी संपत्तियां शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल के नाम पर दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने न केवल संपत्तियों पर नोटिस चस्पा किए, बल्कि अपने ताले लगाकर उन्हें सील भी कर दिया।
वाराणसी के कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई, मचा हड़कंप
जैसे ही सोनभद्र पुलिस और प्रशासन की टीम वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसीपुर महमूरगंज इलाके में मौजूद बहुमंजिला KBN प्लाजा बिल्डिंग पहुंची, इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचते ही पोस्टर के आकार में नोटिस प्रॉपर्टी के कई हिस्सों और मुख्य गेट पर चस्पा किए।
इसके साथ ही बिल्डिंग को सीलबंद कर दिया गया। मौके पर मौजूद संपत्ति के देखरेखकर्ता रामनारायण उपाध्याय ने बताया कि यह संपत्ति भोला जायसवाल के नाम पर खरीदी गई है, और वह इसकी देखभाल करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस बिल्डिंग में शुभम जायसवाल के शराब ठेके से जुड़े कारोबार और लेनदेन का काम होता था।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई, कुल तीन संपत्तियां सीज
इस मामले में सीओ सिटी सोनभद्र रणधीर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि वाराणसी के भेलूपुर, सिगरा और चेतगंज थाना क्षेत्र के रामकटोरा इलाके में स्थित कुल तीन संपत्तियों पर जप्तीकरण की कार्रवाई की गई है। ये सभी संपत्तियां भोला जायसवाल के नाम पर दर्ज हैं।








