मेरठ में पीएम मोदी मेरठ दौरा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi के आगमन से पहले शनिवार को मुख्यमंत्री Yogi Adityanath मेरठ पहुंचे और कार्यक्रम स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।सीएम की मौजूदगी में सभास्थल, मंच, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा घेरा, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान की समीक्षा की। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी हों।प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, चेकिंग अभियान और ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था की जा रही है।
एसपीजी कमांडो पहले ही मेरठ पहुंचकर जनसभा स्थल, शताब्दीनगर और मेरठ साउथ मेट्रो स्टेशन के साथ हेलिपैड का निरीक्षण कर चुके हैं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी अलर्ट मोड में हैं।
डीएम ने क्या कहा?
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे मेरठ पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सुरक्षा और यातायात से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और सभी बिंदुओं की जानकारी सीएम को दी जाएगी।
रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन
22 फरवरी को पीएम मोदी रैपिड रेल के मोदीपुरम तक विस्तारित कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे आवागमन और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।







