Border 2 Teaser आखिरकार रिलीज हो गया है और इसके साथ ही फैंस का इंतजार खत्म हो गया। मल्टीस्टारर फिल्म बॉर्डर 2 का टीजर देशभक्ति, एक्शन और जोश से भरपूर है, जिसमें पूरी स्टारकास्ट की झलक देखने को मिलती है। खास तौर पर सनी देओल के दमदार डायलॉग ने हर भारतीय के भीतर छिपे देशप्रेम को झकझोर कर रख दिया है।
सनी देओल के डायलॉग ने लूटी महफिल
टीजर की शुरुआत सनी देओल की बुलंद आवाज से होती है, जहां वे दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहते हैं—“तुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे—आसमान, जमीन या समंदर से—सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे।”
आगे वे गर्जना करते हैं—“हिम्मत है तो आ… ये खड़ा है हिंदुस्तान!”
एक अन्य सीन में धमाकों के बीच सनी अपने फौजियों से पूछते हैं, “आवाज कहां तक जानी चाहिए?”
जिसका जवाब मिलता है— “लाहौर तक!” टीजर में सनी देओल का एग्रेशन, देशभक्ति और भारत मां के लिए जुनून साफ झलकता है।
टीजर होते ही सोशल मीडिया पर वायरल
Border 2 Teaser रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। एक बार फिर सनी देओल को फौजी के किरदार में देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। टीजर ने साफ कर दिया है कि फिल्म में भारी-भरकम एक्शन और देशभक्ति का तड़का देखने को मिलेगा।
23 जनवरी 2026 को होगी रिलीज
फिल्म Border 2 को जेपी दत्ता और भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026, यानी गणतंत्र दिवस वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।








