बिहार चुनाव 2025: NDA का संकल्प पत्र जारी, 1 करोड़ नौकरियां और मुफ्त शिक्षा का वादा
बिहार चुनाव 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA गठबंधन ने आज शुक्रवार को अपना संकल्प पत्र (Manifesto) जारी कर दिया है।पटना के होटल मौर्या में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, HAM(S) प्रमुख जीतन राम मांझी, LJP (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान और RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे।
NDA के संकल्प पत्र 2025 में 1 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद और 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।शिक्षा के क्षेत्र में KG से PG तक मुफ्त शिक्षा देने का संकल्प दोहराया गया है। साथ ही, धार्मिक और सांस्कृतिक विकास के तहत मां जानकी मंदिर को अगले पांच वर्षों में पूरा करने और इलाके को ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर पटना, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे चार प्रमुख शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना भी शामिल है।संकल्प पत्र जारी करने के बाद सभी वरिष्ठ नेता चुनाव प्रचार के लिए निकल गए, जबकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मंच पर रहकर मीडिया को संकल्प पत्र की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घोषणापत्र बिहार के विकास, रोजगार और महिला सशक्तिकरण का रोडमैप है।
 
								 
															 
															 
															
 
															











 
											




