Ayodhya Ram Mandir: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की श्रीराम यंत्र स्थापना, रामलला के किए दर्शन
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब द्रौपदी मुर्मू ने मंदिर के द्वितीय तल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम यंत्र की स्थापना की। इस दौरान उन्होंने रामलला के दर्शन कर आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।
श्रीराम यंत्र स्थापना से ‘परिपूर्ण’ हुआ मंदिर निर्माण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने कहा कि श्रीराम यंत्र स्थापना के साथ ही 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मंदिर निर्माण पूर्ण हो गया है। यह क्षण करोड़ों रामभक्तों के लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है।
वैदिक मंत्रों के बीच सम्पन्न हुआ पूजन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विधि-विधान के साथ श्रीराम यंत्र की पूजा कर स्थापना की। इस धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन सम्पन्न कराया। श्रीराम यंत्र को मंदिर के द्वितीय तल पर स्थापित किया गया है।
रामलला के दर्शन और आरती
स्थापना के बाद राष्ट्रपति ने श्रीरामलला के दर्शन किए और आरती उतारी। उन्होंने प्रभु श्रीराम से देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी
इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, ट्रस्ट सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ सहित कई संत और आचार्य उपस्थित रहे।







