लखनऊ में PM मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया, बोले– पहले एक परिवार की मूर्तियां थीं, अब हर विभूति को सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
‘अब हर महापुरुष को मिल रहा सम्मान’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “पहले एक ही परिवार की मूर्तियां लगती थीं और उसी का गौरव-गान होता था। आज हर विभूति को सम्मान मिल रहा है। भाजपा ने हर किसी के योगदान को सम्मान देने का काम किया है।”
नेताजी और अंबेडकर का किया उल्लेख
पीएम मोदी ने कहा कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा दिल्ली के कर्तव्य पथ पर स्थापित है और अंडमान-निकोबार में भी वहां उनकी प्रतिमा है, जहां उन्होंने तिरंगा फहराया था। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत को मिटाने के प्रयास किए गए, लेकिन भाजपा ने उसे सहेजने और आगे बढ़ाने का काम किया।
65 फीट ऊंची प्रतिमाएं, 230 करोड़ की लागत
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी,
पं. दीनदयाल उपाध्याय,
अटल बिहारी वाजपेयी
की 65-65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
प्रत्येक प्रतिमा का वजन लगभग 42 टन है
यह स्थल करीब 65 एकड़ क्षेत्र में फैला है
परियोजना की लागत करीब 230 करोड़ रुपये बताई गई है
निर्माण कार्य की शुरुआत साल 2022 में हुई थी
राजनीतिक और वैचारिक विरासत को समर्पित स्थल
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल देश के महापुरुषों की राजनीतिक, सामाजिक और वैचारिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।








