हिजाब विवाद: महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर भड़कीं जायरा वसीम, नीतीश कुमार से माफी की मांग
दंगल फिल्म से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस जायरा वसीम ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक कथित व्यवहार को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर जायरा ने इस घटना को अपमानजनक बताया और मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी की मांग की है।
जायरा वसीम बोलीं– यह महिला की गरिमा का अपमान
जायरा वसीम ने अपने पोस्ट में लिखा कि किसी महिला की गरिमा और शालीनता के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, “किसी महिला की गरिमा कोई खिलौना नहीं है, जिससे सार्वजनिक मंच पर खेला जाए। एक मुस्लिम महिला होने के नाते, किसी दूसरी महिला का नकाब इस तरह हटते देखना बेहद गुस्सा दिलाने वाला था।”
जायरा ने आगे लिखा कि सत्ता किसी को सीमाएं लांघने की इजाजत नहीं देती और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संबंधित महिला से माफी मांगनी चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला पटना का है, जहां एक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन मंच पर पहुंचीं। वह हिजाब पहने हुई थीं। आरोप है कि इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हैरानी जताते हुए कहा, “ये क्या है?” और फिर झुककर कथित तौर पर उनका हिजाब नीचे खींच दिया।
यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद हिजाब विवाद ने तूल पकड़ लिया।
महिला डॉक्टर घबराईं, मंच से हटाया गया
बताया जा रहा है कि घटना के बाद नुसरत परवीन काफी घबरा गईं, जिसके बाद मौके पर मौजूद एक अधिकारी उन्हें मंच से हटाकर ले गया। वीडियो में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी मुख्यमंत्री को रोकने की कोशिश करते देखा गया।
सोशल मीडिया पर बढ़ा आक्रोश
इस घटना के सामने आने के बाद महिला सम्मान, धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है। कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने इसे संवेदनशील और असंवेदनशील व्यवहार बताया है।








